विधायक के गांव जड़ोदाजट में कोरोना संक्रमण से 15 दिन में 12 मौतें
देवबंद। कोरोना संक्रमण ने क्षेत्रीय विधायक कुंवर बृजेश सिंह के गांव जड़ोदाजट में भी पिछले एक पखवाड़े के भीतर करीब 12 लोगों की जान ले ली। वहीं, नशामुक्त गांव का प्रमाण पत्र हासिल कर चुके मिरगपुर में लगभग पांच लोगों की पिछले कुछ दिन के भीतर मौत हो गई।
जड़ोदजट में सुभाष, राजवती, सरला देवी, कालू, सलीम, इलियास, दीपक, विक्रम, फूल सिंह, इलमा और हरपाल सिंह की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। भाजपा नेता डा. चंदन सिंह राणा ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य अधिकारी फोन तक नहीं उठाते हैं। जरूरी दवाओं व ऑक्सीजन की कालाबाजारी की जा रही है। लोग इलाज के लिए हरियाणा व उत्तराखंड जा रहे हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपनी विधायक निधि को कोविड पर खर्च करने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से गांव में सैनिटाइजेशन अभियान चलाने की मांग भी की। उधर, उत्तर प्रदेश जनकल्याण मंच के प्रदेशाध्यक्ष चौधरी ओमपाल सिंह ने बताया कि उनके गांव मिरगपुर में भी कोरोना संक्रमण से चौधरी नानू, चौधरी कलमा, मेनपाल समेत पांच लोगों की मौत हो गई। सभी मौते 10 से 15 दिन के भीतर हुई हैं। अब भी कई संक्रमित अलग-अलग अस्पतालों में अपना इलाज करवा रहे हैं।