जिले में 117 मरीज कोरोना संक्रमित मिले
मुजफ्फरनगर। जनपद में रविवार को कोरोना से संक्रमित 117 नए मरीज पाए गए। इनमें सर्वाधिक 30 बंदी अस्थायी जेल कवाल और 14 जिला जेल में पाए गए हैं। रोडवेज डिपो के भी पांच कर्मचारी जांच में पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, जनपद में रविवार को 113 कोरोना मरीज ठीक भी हुए हैं।
जनपद में रविवार को विभिन्न स्थानों पर हुई जांच में कोरोना के 117 नए मरीज सामने आए हैं। जेल के कुल 44 बंदी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से 30 बंदी अस्थायी जेल कवाल और 14 बंदी जिला जेल के शामिल हैं। जिला जेल में लगातार सावधानियां बरते जाने के बावजूद बड़ी संख्या में सामने आते कोरोना के नए मरीजों ने जेल प्रबंधन के साथ ही जिला प्रशासन की भी शंकाएं बढ़ा दी हैं। उधर, रोडवेज डिपो के एआरएम संदीप अग्रवाल के पिछले दिनों कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद शनिवार को रोडवेज परिसर में शिविर लगाकर डिपो कर्मचारियों की कोरोना जांच की गई। इसमें रोडवेज डिपो के पांच कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, रविवार को जनपद में ठीक हुए कोरोना मरीजों की संख्या 113 रही। इसके साथ ही जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का कुल आंकड़ा बढ़कर 4,590 तक जा पहुंचा है। इनमें से 3,474 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं, जबकि सक्रिय मामलों की संख्या 1,049 है।
इन्होंने कहा .........
सीएमओ डॉ प्रवीण चोपड़ा ने बताया कि विभिन्न स्थानों पर की जा रही जांच में जिले में रविवार को 117 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। टोटल संख्या 4590 तक जा पहुंची है, जिनमें से 113 को ठीक होने के कारण डिस्चार्ज कर दिया गया है। अब तक जिले में 3474 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि एक्टिव केसों की संख्या 1049 रह गई है।