प्रेमी युगल को लेकर दो पक्षों में संघर्ष, पथराव
मुजफ्फरनगर। क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार सुबह युवक-युवती के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर चल रही टशनबाजी में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट के साथ ही पथराव होने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए दो लोगों को हिरासत में लेते हुए उनका शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सुजड़ू में एक ही समुदाय के युवक-युवती के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। ग्रामीणों के अनुसार तीन दिन पूर्व प्रेमी जोड़ा घर से लापता भी हो गया था, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच टशनबाजी चल रही थी। मंगलवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद जमकर मारपीट के साथ ही एक-दूसरे पर जबरदस्त पथराव भी किया गया, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। दो पक्षों में संघर्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर लाठियां फटकारते हुए स्थिति पर काबू पाया, जिसके बाद दोनों पक्षों से दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया। संघर्ष में कई लोग चोटिल भी हुए, जिनका जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया। एसआई कपिलदेव ने बताया कि दोनों आरोपियों का शाम के समय शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया है। पुलिस ने कहा कि माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। होली और चुनाव के दौरान लोगों को शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देना चाहिए।