मोरना। कस्बा भोकरहेड़ी में शराब का ठेका हटाने की मांग को लेेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। तहसीलदार और सीओ भोपा सहित क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक ने मामले का संज्ञान लेकर 15 दिनों में शराब के ठेके को हटवाने का आश्वासन दिया।
भोकरहेड़ी बस स्टैंड़ पर धरने को संबोधित करते हुए नवीन सहरावत ने कहा कि कई माह से शराब के ठेके को हटाने की मांग ग्रामीणों द्वारा की जा रही है। स्कूल से आने जाने वाले छात्र छात्राओं को शराबियों के खराब व्यवहार का सामना करना पड़ता है। ठेके के बराबर में मंदिर भी है। शराबियों से बस स्टैंड का माहौल खराब होने से आमजन परेशान हैं। शराब के ठेके को हटवाने को लेकर धर्मपाल राठी, साजिद, उदेशपाल, मास्टर किरण कौशिक, वेदपाल सिंह, बोबी, रियाज, महताब, डॉ. साजिद, राशिद, सन्नी शर्मा, मेहरबान, सुमन देवी, अफसर अली आदि ने बस स्टैंड पर धरना प्रदर्शन किया। सूचना पर तहसीलदार पुष्कर नाथ चौधरी, सीओ भोपा राम मोहन शर्मा, थाना प्रभारी डॉ. बीपी सिंह, आबकारी निरीक्षक कुलश्रेष्ठ, पवन तिवारी आदि मौके पर पहुंचे। आबकारी निरीक्षक ने ठेके को 15 दिनों में हटवाकर दूसरे स्थान पर स्थापित करने का आश्वासन दिया। उधर, भाकियू जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने बताया कि नवीन सहरावत द्वारा संगठन की अनदेखी करने का व्यवहार सामने आया है। जिसको लेकर मामले को हाईकमान के संज्ञान में लाकर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।