बच्ची की मौत पर हंगामा बरपा
खतौली (मुजफ्फरनगर)। भैंसा बिदकने से बुग्गी का पहिया बच्ची के ऊपर से उतर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने हादसे के विरोध में जमकर हंगामा भी किया। पुलिस ने परिजनों को समझाबुझाकर शांत किया। आरोपी किसान मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव अंती निवासी प्रवीण की तीन वर्षीय पुत्र दीपांशी सोमवार को अपने मकान के बाहर खड़ी हुई थी। इसी दौरान गांव निवासी किसान अरविंद पुत्र राजपाल अपने भैंसा बुग्गी में खेतों से चारा लेकर अपने घर जा रहा था। किसान ने बुग्गी तेज भगाने के लिए भैंसा को सांटा मार दिया, जिससे भैंसा बिदक करके भागने लगा। भैंसा के बिदक कर तेज भागने से बुग्गी के पहियेे के नीचे मकान के बाहर खड़ी बच्ची दीपांशी आ गई। बच्ची के ऊपर से पहिया उतरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची की मौत को लेकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बच्ची की मौत को लेकर गांव में हंगामा भी किया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों व ग्रामीणों को किसान के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन देकर बमुश्किल समझाया। घटना के बाद किसान गांव से फरार हो गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता प्रवीण ने किसान के विरुद्ध थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।