समिति की बैठक में 13 प्रस्ताव पारित
खतौली। सहकारी गन्ना विकास समिति में हुई बैठक में 13 प्रस्तावों को डायरेक्टरों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिए। डायरेक्टरों ने एक प्रस्ताव को पारित करने से इंकार कर दिया। इस प्रस्ताव पर अगली बैठक में विचार-विमर्श किया जाएगा।
सभापति ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में सचिव सुभाष चंद्र यादव की ओर से प्रबंध सदस्य कमेटी के समक्ष 14 प्रस्तावों को रखा गया। इन प्रस्तावों पर डायरेक्टरों ने चर्चा की। विचार विमर्श करने के बाद बैठक की कार्रवाई की पुष्टि करना, पेराई सत्र 2017-18 के गन्ना मूल्य एवं विकास कमीशन का भुगतान, उत्तर प्रदेश द्वारा चलाई गई ऋण मोचन योजना के अंतर्गत असली धनराशि का 25 प्रतिशत एवं ब्याज सहित धनराशि को समिति खाते से समायोजित करने सहित किसानों के हित में 13 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। एक प्रस्ताव वरिष्ठ निरीक्षक माप विज्ञान के पत्रांक एवं ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षण के पत्र संख्या 193 दिनांक 6.6.2018 पर अगली बैठक में विचार विमर्श करने का निर्णय लिया गया। बैठक में डायरेक्टर चौधरी उदयवीर सिंह, प्रमोद अन्ना, प्रशांत, बाबूराम, प्रवेश, रामनिवास, कंवरपाल आदि मौजूद रहे।