घुड़सवारी प्रतियोगिता में आकर्षण बना हॉर्स डांस
मुजफ्फरनगर। जिला कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी में शनिवार को भोपा रोड स्थित एसडी डिग्री कॉलेज के मैदान पर दो दिवसीय घुड़सवारी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में हॉर्स डांस ने दर्शकों व अतिथियों को आकर्षित किया। प्रतियोगिता का समापन रविवार को किया जाएगा।
एसडी डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित घुड़सवारी प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएम राजीव शर्मा और एसएसपी अनंत देव ने किया। प्रतियोगिता में जिलेभर से पशु प्रेमियों ने हिस्सा लिया। जिला प्रशासन एवं एक्वेस्टेरियन एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में पहले दिन बग्गी रेस, रेडी रेस, पोल बेडिंग और घुड़ दौड़ ने लोगों को रोमांचित किया। कार्यक्रम के अंत में हॉर्स डांस का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न प्रजाति के घोड़ों को ढोल की थाप पर नाचते देख दर्शक अचंभित रह गए। बैलून बस्टिंग में भी लोगों का खूब मनोरंजन हुआ। एडीएम प्रशासन हरीशचंद्र, सिटी मजिस्ट्रेट अमित सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हरपाल सिंह, एक्वेस्टरियन एसोसिएशन के प्रदेश सचिव सलमान सईद, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार सुखदर्शन बेदी, राकेश पुंडीर, सतीश गर्ग, रविन्द्र बालियान, सतीश शर्मा, रंकजय मजदूर और रमेश खुराना मौजूद रहे। सलमान सईद ने बताया कि प्रतियोगिता का समापन रविवार को हैक्स, रेबिया चाल, टीम दौड़, खूबसूरती प्रतियोगिता व फैन्सी ड्रेस प्रतियोगिता के आयोजन के साथ किया जाएगा। कार्यक्रम में विजेता पशुओं के लिए उनके पालकों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।