मुजफ्फरनगर। मौसम में बदलाव भले ही शुरू हो गया हो, लेकिन रेल यातायात पर कोहरे की मार पड़ रही है। सोमवार को उधमपुर एक्सप्रेस ने यात्रियों को रुला दिया। यह ट्रेन अनिश्चितकाल तक लेट रही है, जबकि इसके अलावा कई अन्य एक्सप्रेस, पैसेंजर ट्रेन घंटों की देरी से पहुंची। ट्रेन की लेटलतीफी से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दिल्ली-टपरी वाया मेरठ-सहारनपुर रेलवे ट्रैक पर दौराला, सकौती और खतौली के बीच दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। ट्रैक पर नॉन इंटरलॉकिंग काम हो रहा है। इसके चलते पांच ट्रेन रद्द है, जबकि आठ के रूट बदले हुए हैं। ऐसे में यात्री परेशान हैं। सोमवार को समस्या अधिक बढ़ गई। इस मार्ग पर जो ट्रेन चल रही हैं, उन पर कोहरे की मार पड़ गई। सोमवार को एक्सप्रेस समेत कई पैसेंजर ट्रेन घंटों की देरी से चली। कोहरे के कारण रेलवे संचालन पूरी तरह से बेपटरी हो गया। सबसे ज्यादा उमधपुर-इलाहाबाद एक्सप्रेस (22432) ने रुलाया। यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन आते हैं, मगर सोमवार को यह अनिश्चितकालीन के लिए लेट रही। इसके अलावा सहारनपुर-दिल्ली (64560) तीस मिनट, सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर (54474) दो घंटे 56 मिनट, जम्मूतवी एक्सप्रेस (14646) दो घंटे 52 मिनट, शताब्दी एक्सप्रेस (12056) एक घंटा, अहदाबाद-हरिद्वार एक्सप्रेस (19031) एक घंटा 40 मिनट, शताब्दी एक्सप्रेस अप गाड़ी (12017) सवा घंटा की देरी से पहुुंची। ट्रेनों के लेट चलने से यात्रियों की मुसीबत रही।