मुजफ्फरनगर। न्यू ईयर पर यदि कोई हुड़दंग मचाते हुए मिला तो उसकी खैर नहीं। पुलिस उसे गिरफ्तार कर जेल भेजेगी। नव वर्ष की पार्टी मध्य रात्रि के बाद नहीं होगी। सड़कों पर तेज बाइक चलाने वालों से भी सख्ती से निपटा जाएगा। डीएम और एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को नए साल पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए है।
रविवार को नव वर्ष की पूर्व संध्या होगी और सोमवार को नूतन वर्ष 2018 का आगमन होगा। अक्सर न्यू ईयर की पूर्व संध्या और नये साल पर लोग जश्न मनाते है। इसको लेकर युवकों में खासकर काफी उमंग और उत्साह रहता है। युवा शराब पीकर हुड़दंग मचाने के अलावा तेज गति से बाइक चलाते है। ऐसे में जहां मारपीट की घटनाएं होती है, वहीं सड़क हादसे होने की प्रबल संभावनाएं बनी रहती है। नए साल के हुड़दंग पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन सर्तक हो गया है। डीएम जीएस प्रियदर्शी और एसएसपी अनंत देव ने सभी एसडीएम, तहसीलदार और थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर नए वर्ष पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए है। थाना प्रभारियों को हुड़दंग मचाने वालों, शराब पीकर हंगामा करने वालों से सख्ती से निपटने और तेज रफ्तार से बाइक चलाने वालों पर नजर रखने के निर्देश दिए है। साथ ही होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों की लगातार चेकिंग करने का कहा गया है। रेलवे स्टेशनों और बस अड्डो पर भी चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए है।
जिले में धारा 144 लागू
मुजफ्फरनगर। प्रशासन ने न्यू ईयर और अन्य त्योहारों के अलावा बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर जिले में 23 फरवरी तक धारा-144 लागू की है। नगर मजिस्ट्रेट वैभव मिश्रा ने बताया कि जिले मेें आगामी माह में गुरू गोविंद सिंह जयंती, गणतंत्र दिवस, संत रविदास जयंती महाशिवरात्रि आदि त्यौहार मनाए जाने प्रस्तावित है। बोर्ड परीक्षाएं भी होगी। इसके अलावा विभिन्न राजनैतिक दलों की ओर से भी सभाओं, विभिन्न सामाजिक एवं किसान संगठनों भी धरने प्रदर्शन होते है, इसी के देखते हुए 23 फरवरी तक धारा-144 लागू की गई है।