मुजफ्फरनगर। रेहड़ चालकों ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। जुगाड़ का रेहड़ा बनाकर रोजी रोटी कमाने वाले इन लोगों ने पुलिस की ओर से जा रही धरपकड़ को रोकने और रोजगार का दूसरा साधन जुटाने के लिए समय देने की मांग जिला प्रशासन से की।
बृहस्पतिवार को मोटरसाइकिल के सहारे रेहड़ा बनाकर जुगाड़ की गाड़ी चलाने वाले सैकड़ों लोग कलक्ट्रेट स्थित डीएम ऑफिस पहुंचे। इन लोगों ने डीएम और एसएसपी के नाम दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि वो रेहड़ चलाकर अपने परिवार का पेट पाल रहे हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों से ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से चेकिंग अभियान चलाकर उनके जुगाड़ वाहनों को जब्त किया जा रहा है। इन लोगों ने जिला प्रशासन से गुहार करते हुए कहा कि वो रोजगार का दूसरा साधन जुटाने को तैयार हैं, लेकिन इसके लिए कुछ समय दिया जाए और इस दौरान उनके वाहनों को न पकड़ा जाए। कलक्ट्रेट में प्रदर्शन से पहले ये लोग सीओ सिटी कार्यालय भी पहुंचे और सीओ से आग्रह किया। प्रदर्शन में तसव्वुर, मतलूब, पल्ली, शहजाद, यूनुस, आदिब, संजीव, नूरदीन, रविन्द्र, ओमवीर, बाल किशन, श्यामवीर, वीरेंद्र सिंह, रहीस, मनोज, नाजिम, प्रीतम, मौ. दिलशाद, इमरान, सरफराज, इरशाद मंसूरी, संदीप, संजू, वेदप्रकाश, नौशाद, राजकुमार, किशन, इस्लाम, नसीम, इकबाल, अजीत कुमार, मंगता, इसरार आदि लोग शामिल रहे।