भैंसाना चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर) ।
बजाज चीनी मिल भैंसाना का पेराई सत्र विधि विधान से पूजा अर्चना के साथ प्रारंभ हुआ। उपजिलाधिकारी ने फीता काटकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया। बैल गाड़ी द्वारा गन्ने लाने वाले किसान को उपहार देकर व शॉल उढ़ाकर सम्मानित किया गया।
बजाज चीनी मिल भैंसाना के पेराई सत्र का शनिवार को पूजा अर्चना व विधि विधान के साथ शुभारंभ हुआ। पूजा अर्चना के बाद गन्ने की पहली बैल बुग्गी लाने वाले भैंसाना के किसान ओमप्रकाश शर्मा को शॉल उढ़ाकर और उपहार देकर सम्मानित किया गया। चीनी मिल के उपाध्यक्ष ने विधि विधान से बैल का भी पूजन किया। उपजिलाधिकारी कुमार भूपेंद्र ने चीनी मिल के उपाध्यक्ष राज सिंह चौधरी के साथ फीता काटकर पेराई सत्र का शुभारम्भ किया। इस मौके पर चीनी मिल के उपाध्यक्ष राज सिंह चौधरी ने बताया कि गन्ना क्रय केंद्रों पर गन्ने की खरीद जारी हो गई है। गन्ना क्रय केन्द्रों और चीनी मिल गेट का इंडेंट जारी कर दिया गया है।
गन्ने की खरीद फरोख्त के साथ गन्ना एकत्र करके सोमवार को मिल चालू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि एक नवंबर से उनकी चीनी मिल पूरी स्पीड पर आ जाएगी। उनकी चीनी मिल का लक्ष्य रोजाना 90 हजार क्विंटल और उससे अधिक गन्ने की पेराई करने का है। इस मौके पर उन्होंने किसानों से मिट्टी, अगोला रहित साफ सुथरा गन्ना लाने की अपील की। उन्होंने बताया कि साफ सुथरे गन्ने से ही चीनी की रिकवरी बढ़ती है। इस मौके पर उपजिलाधिकारी कुमार भूपेंद्र, सीओ फुगाना कालूराम, गन्ना समिति के सचिव विश्वामित्र पाठक, चेयरमैन प्रमोद सैनी सहित गन्ना समिति के सभी पदाधिकारी और गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।