मुजफ्फरनगर। लोकसभा चुनाव में नामांकन के तीसरे दिन दो दावेदारों ने पर्चा दाखिल किया। अब तक 39 दावेदार नामांकन प्रपत्र ले चुके हैं। अब नामांकन का आखिरी दिन बचा है। सोमवार 25 मार्च को ही नामांकन हो सकेगा। दोनों प्रमुख प्रत्याशी रालोद के चौधरी अजित सिंह और भाजपा के डॉ संजीव बालियान भी इसी दिन नामांकन करेंगे।
शुक्रवार को दो दावेदारों दूधाहेड़ी के यजपाल और फलावदा के अशोक ने नामांकन पत्र दाखिल किया। दोनों ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन भरा। लोकसभा चुनाव के लिए अब तक यहां 39 दावेदार नामांकनपत्र ले चुके हैं। शुक्रवार को 11 दावेदारों ने नामांकनपत्र लिए। जिन लोगों ने प्रपत्र लिए उनमें निर्दलीय उम्मीदवार कृष्णापुरी के जोनी आर्य, खालापार के मौहम्मद उमर, मुरादपुरा के सज्जाद हैदर, अंकित माछेरान, अनस तितावी, ब्रहमपुरी के मनोज पंवार हैं। राष्ट्रीय समाज पार्टी से इंद्रा कालोनी के नरेशपाल, एआईसीसी से गाजियाबाद के आजाद सैफी, आरपीआई से कुशावली मेरठ के राजीव ने नामांकन प्रपत्र लिया। मजदूर किसान यूनियन से मुर्तजा सलमानी, भारतीय बहुजन समता पार्टी से गुजरहेड़ी के शो सिंह, राष्ट्रीय समाज पक्ष से नसीरपुर के पवित्र पाल शामिल हैं।
अर्द्धसैनिक बल ने फ्लैग मार्च निकाला
मीरापुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आईटीबीएफ के 40 सशस्त्र जवानों ने कस्बे व थानाक्षेत्र के एक दर्जन गांवो में फ्लैगमार्च किया। प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज त्यागी ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मीरापुर, कैथोड़ा, मुकल्लमपुरा, भुम्मा खेडी, कुतुबपुर, कासमपुर, नंगला खेपड़, सिकंदरपुर आदि गांवों में फ्लैग मार्च निकाला। साथ में थाने के एसएसआई राकेश शर्मा तथा ब्रजपाल यादव, सतेंद्र नागर आदि उप निरीक्षक साथ रहे।