मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा की इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा हो गया है, जबकि हाईस्कूल का पूरा होने में तीन दिन और लगेंगे। जिले में इंटर की 1.20 लाख कापियाें का मूल्यांकन किया गया है।
यूपी बोर्ड के मूल्यांकन के लिए शहर में तीन सेंटर बनाए गए थे। तीनों स्थानों पर आठ मार्च से मूल्यांकन शुरू हो गया था जो 23 मार्च तक पूरा होना है। राजकीय इंटर कॉलेज में इंटर की कापियां जांची जा रही थी। यहां पर समय से मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया गया है। प्रधानाचार्य बृजेश कुमार ने बताया कि इस सेंटर पर 1.20 लाख कापियां जांची जा चुकी हैं। इस्लामिया इंटर कॉलेज और दीपचंद ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का मूल्यांकन केंद्र है। इस्लामिया में 90 प्रतिशत उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो चुका है। बाकी कार्य पूरा होने में लगभग तीन दिन लग सकते हैं। ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज में भी मूल्यांकन जारी है। बताया गया कि शुरुआत में शिक्षकों के विरोध के चलते मूल्यांकन कार्य प्रभावित हुआ। मगर, कार्य शुरू होने के कई दिनों बाद इसमें गति आ सकी। अब शिक्षकों की निर्वाचन में भी ड्यूटी लगी है। शनिवार से कार्मिकों की ट्रेनिंग है। इससे भी मूल्यांकन प्रभावित हो सकता है।