19 को दिल्ली पहुंचने का किया एलान
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन अंबावत के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 19 फरवरी को देश बचाओ, किसान बचाओ आंदोलन के लिए दिल्ली कूच करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी जनपदों में आंदोलन की सफलता के लिए सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।
मंगलवार को रुड़की रोड स्थित एक बैंक्वेट हाल में आयोजित सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल अंबावता का जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि स्वामी नाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, किसानों को पूरा कर्ज माफ करने, बिजली बिल कम करने, साठ वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके किसानों को पेंशन देने समेत दस सूत्रीय मांगों को लेकर देश बचाओ, किसान बचाओ आंदोलन का एलान किया गया है। 19 फरवरी को दिल्ली जंतर-मंतर पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने बिजनौर में किसानों पर लाठीचार्ज की निंदा करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को बर्खास्त करने की मांग की। पुराने ट्रैक्टरों पर रोक खत्म करने, किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य देने, किसानों को प्रति हेक्टेयर 25 हजार रुपये देने तथा गन्ना भुगतान कानून के अनुसार करने की मांग भी की। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 19 फरवरी को दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया। सम्मेलन में जिलाध्यक्ष शाह आलम, राष्ट्रीय सचिव योगेंद्र राठी, गुलजार अहमद, बलजोर त्यागी, इंतजार, डा. रईस, नवाबुद्दीन, चौधरी रविंद्र सिंह, शहजाद त्यागी, शादाब, फुरकान, साजिद, कालू पंवार, संतोष कुमार, दिलशाद अहमद, ब्रह्मपाल सिंह, चौधरी गुरदयाल सिंह, गुलशेर आदि शामिल रहे।