बिजली आपूर्ति को लेकर कर्मचारी पर हमला
तितावी। लालूखेड़ी बिजलीघर पर तैनात संविदाकर्मी ने भाकियू मंडलाध्यक्ष पर हमला करने व धमकी देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, भाकियू पदाधिकारी ने मामले को किसान हित से जुड़ा बताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
शामली जनपद के थानाभवन क्षेत्र के गांव हरड़ निवासी मनवीर लालूखेड़ी बिजलीघर पर संविदाकर्मी के रूप में तैनात है। मनवीर ने तहरीर देकर बताया कि वह बुधवार को बिजलीघर पर ड्यूटी कर रहा था। आरोप है कि भारतीय किसान यूनियन के मंडलाध्यक्ष धीरज लाटियान कई युवकों के साथ बिजलीघर पहुंचे और जानबूझकर बिजली सप्लाई बंद करने का आरोप लगाते हुए उसके साथ गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर मनवीर के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया गया। शोर मचाने पर अन्य बिजली कर्मचारी पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने उसका मेडिकल कराते हुए भाकियू पदाधिकारी व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में धीरज लाटियान का कहना है कि बिजलीघर के कर्मचारी जानबूझकर उस समय क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर देते हैं, जब किसान पशुओं के लिए चारा काटते हैं। कहा कि लापरवाह बिजली कर्मचारी नहीं सुधरे तो आंदोलन किया जाएगा।
भाकियू तोमर गुट की बैठक
तितावी। भारतीय किसान यूनियन तोमर गुट की बघरा डाक बंगले पर आयोजित बैठक में किसान समस्याओं पर चर्चा की गई। अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने बकाया गन्ना भुगतान को बड़ी समस्या बताते हुए प्रशासन से भुगतान कराने की मांग की। बैठक में जिलाध्यक्ष अखिलेश चौधरी ने जयराम को विधि प्रकोष्ठ का युवा जिलाध्यक्ष और धीरेंद्र तोमर को बघरा ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया। सुमित तोमर, राजबीर सिंह, रामसिंह, जमीर अहमद, श्रवण त्यागी, गुरमीत, शेरदीन व नीरज आदि मौजूद रहे।