श्मशान घाट के पास अंडरपास बनाने को लेकर विरोध शुरू
खतौली। श्मशान घाट पर जाने के लिए रेलवे अंडरपास बनाने की मांग का विरोध होना प्रारंभ हो गया है। जगत कालोनी व नई आबादी के लोगों ने अंडरपास बनाने की मांग का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम के नाम तहसील कार्यालय में शिकायती पत्र सौंपा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि दो फरवरी को तहसील में होने वाली अंडरपास बनाने को रेलवे अधिकारियों वार्ता में शामिल होकर विरोध किया जाएगा।
रेलवे ओवरब्रिज निर्माण होने तथा डबल रेलवे ट्रैक बनने के बाद श्मशान घाट पर जाने के लिए पहले भाकियू तथा बाद में रालोद कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर रेलवे अधिकारियों से अंडरपास निर्माण की मांग की थी। रालोद कार्यकर्ताओं ने अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर 21 जनवरी को रेलवे स्टेशन के सामने रेलवे ट्रैक पर धरना दिया था। उस वक्त एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी ने रालोद कार्यकर्ताओं को समझाबुझाकर धरना समाप्त कराते हुए दो फरवरी को रेलवे अधिकारियों के साथ वार्ता करने का समय दिया था। अंडरपास निर्माण को लेकर बुधवार को जगत कालोनी व नई आबादी ने लोगों ने प्रदर्शन कर इसका विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अंडरपास बनने से मार्ग नीचा हो जाएगा और सड़क पर जलभराव होगा। इसके अलावा करीब दो दर्जन गांवों के किसानों को गन्ना ले जाने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। विरोध कर रहे लोगों ने एसडीएम से दो फरवरी को होने वाली वार्ता में उनको भी बुलाने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों में चौधरी जगत सिंह, महेंद्र सिंह, धर्मवीर, चंद्रपाल, पिंटू, मनोज बालियान, सोमपाल, विनोद त्यागी, काशीराम, महिपाल, ओमपाल, पंकज, प्रदीप, राजीव, शेर अली, अब्दुल्ला, प्रवेज, रुकमणी, प्रकाशवती, महेंद्री, डा. सोमपाल आदि शामिल रहे।