दो साल बाद जगी क्षेत्र पंचायत में विकास की किरण
चरथावल। क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक में 1.47 करोड़ रुपये के कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई। अरसे से चल रही ब्लॉक प्रमुख के विवादों में फंसे क्षेत्र के विकास को दो साल बाद गति मिलेगी। विभिन्न गांवों के बीडीसी ने विभिन्न विकास कराने के प्रस्ताव पेश किए।
शनिवार को विकास खंड कार्यालय पर प्रमुख खुर्शीद फात्मा की अध्यक्षता में बीडीसी की बैठक में एक गांव से दूसरे गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों के प्रस्ताव रखे गए। ज्यादातर कच्चे रास्तों पर खड़ंजा बिछवाने और श्मशान घाट की चारदीवारी कराने के प्रस्ताव आए। मलीरा की बीडीसी सरिता ने वंचित पात्र लोगों के शौचालय बनवाने और मलीरा के किरतपाल सिंह और रोहाना की अंगूरी देवी ने श्मशान घाट तक सीसी सड़क बनवाने का प्रस्ताव रखा। विदित हो कि क्षेत्र पंचायत का बजट जनवरी वर्ष 2017 में 62 लाख रुपये खर्चे के बाद एक पाई खर्च नहीं पाई थी। दरअसल, वर्तमान प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर चल रहे विवाद में विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे, जिसकी वजह से दो साल से इस मद का कोई बजट व्यय नहीं हो पा रहा था। जिला पंचायत सदस्य राकेश वशिष्ठ ने बीडीसी और प्रधानों के बैठने के लिए हॉल बनवाने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने बीडीओ से कहा कि क्षेत्र विकास चाहता है। अधूरे पड़े कार्यों में वह सहयोग करें, हमें उनकी निष्ठा और योग्यता पर कोई संदेह नहीं है। ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग को लेकर मामला हाईकोर्ट में लंबित था। इसी कारण से शासन द्वारा इस मद में जारी 1.47 करोड़ रुपये का बजट लंबित था। बीडीओ डॉ. साजिद अहमद ने तमाम प्रस्तावों पर चर्चा कराई। प्रमुख प्रतिनिधि रवी कुमार, बीडीसी मसीता आखलौर, इमलेश सलेमपुर, रमेश चंद, राकेश कुमार, अंगूरी रोहाना खुर्द, दिनेश शर्मा दहचंद, मौसम चरथावल देहात, सुदेश कुल्हेड़ी आदि मौजूद रहे।
प्रधानों ने रखे डेढ़ करोड़ के प्रस्ताव
चरथावल। ब्लॉक की बैठक में प्रधानों ने वर्ष 2019-2020 में होने वाली जिला योजना की बैठक में मंजूरी के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये के 15 प्रस्ताव दिए। ग्राम प्रधान ज्ञानामाजरा कंवरपाल सिंह, लुहारी खुर्द नीलोफर, तमरेज एडवोकेट, सुभाष चंद चौकड़ा, नफीस नगलां राई, सुरेश पाल मुथरा आदि ने विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव दिए। बीडीओ ने बताया कि जिला पंचायत में अनुमोदन के बाद विकास कार्यों को कराया जाएगा।