जेल में बंद भाइयों की कलाई पर भी बांधे रक्षा सूत्र
मुजफ्फरनगर। जिला कारागार में भी रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर वहां बंद अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधे।
जिला कारागार में बंद अपने भाइयों को रक्षा सूत्र बांधने के लिए रविवार सुबह से ही महिलाओं व युवतियों की कतार लगी हुई थी। महिलाओं की भारी भीड़ के चलते जेल प्रशासन ने भी वहां सुरक्षा समेत अन्य इंतजाम किए हुए थे। बड़ी संख्या में महिलाएं जेल में किसी न किसी मामले में बंद या सजा काट रहे भाइयों से मिलीं और उनकी कलाई पर नम आंखों से रक्षा सूत्र बांधे। जेल अधीक्षक एके सक्सेना ने बताया कि जेल में फिलहाल करीब ढाई हजार बंदी बंद हैं, जिनमें से रविवार दोपहर तक करीब पांच सौ बंदियों के परिवार से महिलाओं व युवतियों ने जेल में पहुंचकर उन्हें राखियां बांधीं। उन्होंने बताया कि इस दौरान जेल में भाइयों से मिलने पहुंचने वाली बहनों को किसी तरह की दिक्कतें न हों, इसका विशेष इंतजाम किया गया।
ब्रह्मकुमारी से भी बहनों ने जेल में बांधीं राखियां
मुजफ्फरनगर। ब्रह्मकुमारी आश्रम की बहनों ने भी रविवार को रक्षाबंधन पर जिला कारागार में पहुंचकर जेल अफसरों के साथ ही कर्मचारियों व बंदियों को रक्षा सूत्र बांधे। इस दौरान बंदियों को रक्षा सूत्र बांधने के बाद उन्हें बुराइयों को छोड़ने का संकल्प दिलाया गया। उधर, केशवपुरी स्थित ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में भी रक्षाबंधन का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। आश्रम संचालिका जयंती बहन ने कांग्रेस प्रदेश सचिव राकेश पुंडीर की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर टीका किया। पूजा, सरला, विधि, उर्मी, शालिनी, रिया, प्रियंका, शशांक व सतीश आदि मौजूद रहे।