इस्लाम ने हमेशा शांति का पैगाम दिया
खतौली। ईदगाह में ईद-उल अजहा की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज के बाद दुनिया में शांति तथा कौम की तरक्की के लिए दुआ की। इसके बाद वाजिब कुर्बानी को अंजाम दिया गया।
ईदगाह में ईद-उल अजहा की नमाज अदा कराने से पूर्व मौलाना मोहम्मद शारिक ने कहा कि इस्लाम ने हमेशा शांति का पैगाम दिया। नमाज के बाद दुआ कराई गई। मरकजी मस्जिद में मुफ्ती मोहम्मद उस्मान तथा मस्जिद काजियान में मुफ्ती नौशाद ने ईद की नमाज अदा कराई। वक्फ बोर्ड कमेटी के सदर मोहम्मद अमीर जुग्गू, सचिव नासिर अंजुम एडवोकेट, हाफिज इब्राहिम, सपा नेता काजी जमील अहमद आदि का सहयोग रहा। रतनपुरी क्षेत्र में ईद-उल अजहा की नमाज शांतिपूवर्क संपन्न हो गई। नमाज के बाद कुर्बानी की गई। इंस्पेक्टर रतनपुरी पंकज लवानिया ने बताया कि क्षेत्र के गांव नंगला, रियावली, भनवाड़ा, टोड़ा, कल्याणपुर बड़सू, सिकंदरपुर, फुलत, चंदसीना, मौहम्मदपुर माफी सठेड़ी आदि गांवों में बकरीद की नमाज सकुशल संपन्न हुई।
मुल्क की तरक्की को दुआ की
जानसठ। ईद की नमाज के बाद ईदगाह में मौलाना ने मुल्क की तरक्की के लिए दुआ कराई। बुधवार को ईदगाह में ईद की नमाज मौलाना लुकमान कासमी, शिया रंगमहल मस्जिद में शिया धर्मगुरु अमीर हैदर सुल्तानपुरी, मदरसा तैयबा में मौलाना अब्दुल रहमान व सादपुर में मौलाना गाजी मोहम्मद सलमान, अखलाकपुरा में हाफिज शकील अहमद ने नमाज अदा कराई। ईद की नमाज के बाद मौलाना नजीर अहमद कासमी ने मुल्क की तरक्की के लिए दुआ कराई। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक व्यक्ति को अपने देश से प्रेम होना चाहिए। इस अवसर पर एसडीएम विजय कुमार, सीओ एसकेएस प्रताप, तहसीलदार पुष्करनाथ चौधरी, इंस्पेक्टर राजेंद्र नागर आदि मौजूद रहे।