कश्यप समाज का बेमियादी धरना
मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार की घोषणा के बाद भी 17 जातियों को आरक्षण का लाभ नहीं देने के विरोध में कश्यप समाज ने आंदोलन शुरू कर दिया है। कलक्ट्रेट में कश्यप समाज के कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं।
कलक्ट्रेट में सर्व खाप कश्यप आरक्षण संघर्ष समिति के तत्वावधान में अनिश्चितकालीन धरना प्रारंभ हुआ। 17 अति पिछड़ी जातियों के एससी में शामिल करने के बाद भी इन्हें एससी का लाभ नहीं दिया जा रहा है। धरने पर वक्ताओं ने कहा कि समाज को आरक्षण नहीं मिला तो भाजपा का बहिष्कार होगा। पूरे प्रदेश में कश्यप, निषाद, मल्लाह ऐसी जाति है, जो सामाजिक और आर्थिक आधार पर दलितों से भी पिछड़ी है। इन जातियों को न तो एससी का लाभ मिल पा रहा है और न ही ओबीसी का। ओबीसी की संपन्न जातियां नंबर नहीं आने देती है, एससी का लाभ सरकार दे नहीं रही है। धरने के आयोजक जिला पंचायत सदस्य प्रदीप कश्यप, सुशील कश्यप, प्रमोद कश्यप, प्रवीण कश्यप, चुन्नूलाल कश्यप, मिहंती कश्यप, धर्मेंद्र कश्यप, राजेंद्र सिंह कश्यप, लोकेंद्र कश्यप, पंकज कश्यप आदि रहे।