हादसे में तीन लोग घायल
मीरापुर। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर बीआईटी चेकपोस्ट के पास ट्रक व कार की भिड़ंत में कार सवार महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। दिल्ली निवासी रफीक, रहीम व महिला समीना अपनी कार से बिजनौर जा रहे थे। बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे बिजनौर की ओर से धान से लदा ट्रक मीरापुर की ओर आ रहा था। बीआईटी चेकपोस्ट के पास कार चालक किसी वाहन को बचाने के प्रयास में ट्रक से भिड़ंत हो गई। भिड़ंत में कार में सवार महिला सहित तीनों लोग घायल हो गए। घायल एक ही परिवार के बताए गए हैं। घायलों को बिजनौर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, पुलिस ने ट्रक चालक सरदार प्रकट सिंह पुत्र बलवेंद्र सिंह निवासी जडिय़ाला, अमृतसर को ट्रक समेत हिरासत में ले लिया है।
प्रथम रोजा रखकर इबादत की
मीरापुर। रमजान के पवित्र माह के प्रथम दिन मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रोजा रखकर इबादत की तथा देश में सुख शांति व खुशहाली की कामना की। बुधवार की शाम चांद दिखने के बाद रमजान का माह प्रारंभ हो गया। प्रथम दिन मस्जिदों में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने नमाज अदा की तथा रात में तराबियां पढ़ी। रोजा इफ्तारी के समय बाजार में फलों की बिक्री में भारी इजाफा हुआ। प्रथम जुमा को मस्जिदों में भारी भीड़ रहेगी। इसके मद्देनजर पुलिस व्यवस्था भी की गई हैं। घरों में भी महिलाओं ने रोजा इफतारी की विशेष तैयारी की। जामा मस्जिद के मौलाना आस मौहम्मद ने नमाज के बाद राजेदारों को रोजो का महत्व बताते हुए खुदा की इबादत पर जोर दिया।