पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन की कड़ी में बृहस्पतिवार को जनजागरण रैली निकाली गई। कचहरी से निकले अधिवक्ता अपने-अपने वाहनों पर नारेबाजी करते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरे। वकीलों का यह आंदोलन 26 फरवरी तक जारी रहेगा।
हाईकोर्ट बेंच स्थापना के लिए केंद्रीय संघर्ष समिति पश्चिमी उत्तर प्रदेश की मेरठ में आयोजित हुई बैठक में 19 फरवरी से 26 फरवरी तक आंदोलन करने का ऐलान किया गया था। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अधिवक्ताओं की ओर से बाइक पर जनजागरण रैली निकाली गई। जिला बार संघ के आह्वान पर अधिवक्ताओं ने हाईकोर्ट बेंच हासिल करने के लिए प्रदर्शन किया। श्याम सिंह वर्मा द्वार पर एकत्र हुए अधिवक्ता जिला बार संघ अध्यक्ष ठाकुर अनूप सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में जन जागरण करने के लिए निकले। यह अधिवक्ता पहले कचहरी में घूमे और फिर अंसारी रोड, मालवीय चौक, नावल्टी चौक, शिवचौक, टाउनहाल रोड, झांसी की रानी होते हुए वापस कचहरी पहुंचे। हाईकोर्ट बैंच स्थापना को आम जनता के हित में बताया और आंदोलन में समर्थन मांगा। अनूप सिंह ने कहा कि आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के वादकारियों को अपना मुकदमा लड़ने के लिए 800 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। ऐसे में सरकार के जनता को सस्ता और सुलभ न्याय दिलाने के दावों और वादों की कलई खुलती है। उन्होंने बताया कि आंदोलन की अगली कड़ी में केंद्रीय संघर्ष समिति ने जो तय किया है, अधिवक्ता उसके अनुसार प्रदर्शन करेंगे। इस जन जागरण रैली में जिला बार संघ और सिविल बार एसोसिएशन के अधिवक्ता शामिल रहे। मुख्य रूप से विजय त्यागी, जितेंद्र दीक्षित, भारतवीर अहलावत, नीरजकांत, निश्चल त्यागी, संदीप पुंडीर, महेश पालीवाल, अंकुर त्यागी, अरुण धारीवाल, पंकज शर्मा, अरविंद शर्मा, राजीव जैन, कंवरपाल सिंह, कैलाश चंद, राजन सिंघल, कुलदीपक सिंह, अमित भारद्वाज, अनुज कुमार, कमल कृष्ण गुप्ता, मोहित गुप्ता, फरमान अली, बृजबंधु आदि अधिवक्ता रैली में मौजूद रहे।