बीआरसी कार्यालय का निरीक्षण किया
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। संपूर्ण समाधान दिवस में आए डीएम जीएस प्रियदर्शी ने बीआरसी व एफसीआई के गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने बीआरसी कार्यालय पर नियुक्त एमपीआरसी द्वारा कार्यालय के बाहर धूप में बैठने तथा ड्रेस वितरण न होने पर नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि एनपीआरसी का कार्य क्षेत्र के स्कूलों में जाकर निरीक्षण करना है। यदि वह अपने कार्य का सही प्रकार से निर्वाह करें तो स्कूलों में शिक्षा का स्तर भी सुधरेगा व बच्चों को अध्यापक द्वारा शिक्षा देने में लापरवाही नहीं बरती जाएगी, जिससे उच्च अधिकारियों को स्कूलों का निरीक्षण करने में समय भी खराब नहीं होगा। उन्होंने बीआरसी कार्यालय पर शासन से आए जूते व बच्चों की ड्रेस नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए उन्हें शीघ्र स्कूलों में वितरण करने के निर्देश दिए। बीआरसी कार्यालय के बाद उन्होंने एफसीआई के गोदाम का निरीक्षण कर गोदाम पर गेहूं व चावल आदि के रखरखाव के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्याम अवध चौहान, तहसीलदार मनोज कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।