योगी के मंच पर खूब दमके खादी के रंग
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा में खादी के रंग खूब दमके। पीएम मोदी का असर कहें या राजनीति का बदलता मिजाज। जीआईसी के मैदान में भगवा के साथ भाजपा नेता अलग-अलग रंग की खादी में लकदक नजर आए। मुख्यमंत्री के मंच का ग्लैमर बनाने में भाजपाइयों ने कोई चूक नहीं की। बैकग्राउंड की फ्लैक्स के साथ योगी के अभिनंदन के वक्त ऐसा ही रहा।
सूबे की सरकार जिले में आई तो भाजपाइयों का उत्साह स्वाभाविक था। आकर्षक ढंग से बनाए गए वाटरप्रूफ मंच की सज्जा में भी खुद चमकाने का मौका छोड़ा नहीं गया। बैक ग्राउंड में लगी फ्लैक्स तक पर पीएम और सीएम के फोटो के साथ भाजपाइयों ने अपने चेहरे भी चमका लिए। आजादी की लड़ाई में जो खादी अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन का मुद्दा बनी थी, उसका रंग-ढंग और मिजाज अब बदल गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ का जनसभा के मंच पर भव्य माल्यार्पण से अभिनंदन के वक्त ऐसा दिखाई दिया। सीएम बनने के बाद पहली बार जिले में आए योगी के साथ से प्रफुल्लित नेताओं का जोश और उत्साह लबालब था।
विधायकों ने अलग-अलग रंग की खादी से मंच के ग्लैमर को चार चांद लगा दिए। एमएलए कपिलदेव, प्रमोद ऊंटवाल और विजय कश्यप की रंगीन जैकेट लुभा रही थी। सहारनपुर के पूर्व विधायक एवं निकाय चुनाव में जिला प्रभारी राजीव गुंबर की केसरिया जैकेट भी चकमी तो जिलाध्यक्ष रुपेंद्र सैनी भी हरे रंग के साथ खादी का मैचिंग पहने थे। हालांकि पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद डॉ संजीव बालियान सादगी की प्रतीक सफेद खादी में ही दिखे। विधायकों की रंगीन खादी के आगे सीएम योगी का संतई भगवा और प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्रनाथ पांडे की खादी का असर फीका नजर आया। मंच पर स्वागत के पलों में ऐसी होड़ मची की चरथावल विधायक कश्यप और बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक को जैसे-तैसे खुद को संभालना पड़ा। मीरापुर एमएलए एवं पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना भी बस चेहरा की दिखा पाए। नमामि गंगे से जुड़े डॉ वीरपाल निर्वाल के दो गुलाब की कलियां हाथ में थामे पीछे छूट गए। बाद में उन्होंने सीएम को भेंट की। छोटे चौधरी की पार्टी में कभी सत्ता की केंद्र रही पूर्व मंत्री अनुराधा चौधरी भी खादी पोशाक में मंच की शोभा बनी रही।
कार्यकर्ता भी नजर आए भगवे रंग में
मुजफ्फरनगर। सिर्फ नेता ही नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं में भी भीड़ में अपनी पहचान दिखाने की होड़ रही। कोई सिर पर भगवा पगड़ी बांधे था तो किसी ने गले में भगवा पटका डाल रखा था। कमल के चुनाव निशान से बनी भगवा पट्टियां कार्यकर्ताओं में बड़ी संख्या में वितरित की गई थी। महावीर चौक और सरकुलर रोड क्षेत्र में हर तरफ पार्टी के झंडे लहराते रहे।
योगी के चरण स्पर्श को लालायित दिखे भाजपाई
मुजफ्फरनगर। गोरखपुर की गोरखधाम पीठ के पीठाधीश्वर संत योगी आदित्यनाथ को सीएम के रूप में अपने बीच पाकर उनके चरण स्पर्श को भाजपाई लालायित दिखे। सूबे के पंचायती राज्यमंत्री भूपेंद्र चौधरी ने सीएम को दंडवत प्रणाम किया। निकाय चुनाव के प्रत्याशी रहे हों या पार्टी के नेता, ज्यादातर ने पैर छूकर योगी का आशीर्वाद लिया।