आईएसबीटी की तर्ज पर चलेगा रोडवेज डिपो
मुजफ्फरनगर। दिल्ली आईएसबीटी की तर्ज पर रोडवेज डिपो में बसों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए बस अड्डे पर आउट और इन डोर की व्यवस्था की गई है। काउंटर लगाकर बसों को रूट पर भेजा जाएगा। यह सब व्यवस्था कोर्ट रोड पर लगने वाले जाम और डिपो में आड़े-तिरछे रूप में बसों के खड़ा होने से मुक्ति मिलेगी। काउंटर पर नंबर लेकर जाने वाली पहली बस के बाद दूसरी को नंबर मिलेगा।
डिपो पर रोजाना मेरठ, भैंसाली, बिजनौर, छुटमुलपुर, सहारनपुर के साथ कौशांबी, गाजियाबाद डिपो की सैकड़ों बसें अप-डाउन करती है। डिपो पर जगह कम होने के कारण अधिकांश बसें कोर्ट रोड पर कतारबद्ध खड़ी रहती है। इससे दिक्कतें बनने के साथ कोर्ट रोड पर जाम के हालत रहते हैं। कई बार डीएम और एसएसपी भी इसको लेकर एआरएम से व्यवस्था बनाने के निर्देश दे चुके हैं। इसको देखते हुए डिपो अधिकारियों ने आईएसबीटी की तर्ज पर बसों के संचालन की तैयारियां की है। डिपो पर काउंटर सेवा लगाई गई है, जिसके माध्यम से एक बस को नंबर देकर रूट पर रवाना किया जा रहा है, जबकि दूसरी बस को उसके बाद लाइन में लगाया जा रहा है। सड़क पर खड़ी होने वाली बसों पर एआरएम ने पाबंदी लगाई है। सहारनपुर जाने वाली बसों को जानसठ ओवरब्रिज से सीधे सेटेलाइट बस स्टैंड से निकाला जा रहा है। एआरएम बीपी अग्रवाल ने बताया कि डिपो पर काउंटर सेवा शुरू की गई है, जिससे परिचालक को ईटीएम लेने के बाद सीधे रूट पर चलाया जाएगा। इससे डिपो के साथ बाहर सड़क पर भी जाम के हालात नहीं बन सकेंगे।