अनमोल जिंदगी को सुरक्षित बनाए रखें
मुजफ्फरनगर।
छोटूराम कॉलेज में आयोजित यातायात जागरूकता संगोष्ठी में प्राचार्य डॉ नरेश मलिक ने कहा कि हमें अपने खुद के सुरक्षित जीवन के लिए यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। प्रतिदिन सड़क हादसों में मौत हमारी लापरवाही के कारण भी होती है।
चौधरी छोटूराम डिग्री कॉलेज में यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ नरेश कुमार मालिक ने छात्रों से कहा कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, अपने छोटे भाई बहनों को भी ट्रैफिक नियमों से अवगत कराएं। मलिक ने कहा कि क्या कारण है कि दिल्ली बॉर्डर पर जाते ही हमें तुरंत सारे नियम याद आ जाते हैं। टीएसआई राजेश कुमार ने छात्र-छात्राओं को विस्तार से ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी और कहा कि बाइक चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें। ट्रिपलिंग और मोबाइल का प्रयोग न करें। उन्होंने बताया कि वाहन चलाते समय चार कागज ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, इंश्योरेंस और प्रदूषण जांच प्रमाण पत्र अपने साथ अवश्य रखें। ट्रैफिक नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलवाई। ट्रैफिक एसपी बीबी चौरसिया ने छात्रों को अनुशासन का पाठ पढ़ाया। इस अवसर पर एनएसएस के स्वयंसेवकों ने अनुशासन का परिचय देते हुए ट्रैफिक नियमों के पालन करने की शपथ ली। डॉ अवनीश, डॉ ओमबीर सिंह, डॉ गिरिराज किशोर, डॉ एसके सिंह, डॉ संदीप, डॉ श्रीकांत, डॉ सुभाष, डॉ नरेश परूथी, डॉ वीके ढाका, डॉ इंद्रजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।