बसों का चक्का जाम करेगी यूनियन
मुजफ्फरनगर। यूपी रोडवेज एंप्लाइज यूनियन के बैनरतले मंडल स्तरीय परिवहन विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि योगी सरकार कर्मचारियों के हितों के लिए गंभीर नहीं है। कर्मचारियों के साथ डिपो में भी कई तरह की सुविधाओं का टोटा है। इस पर सरकार ध्यान नहीं दे ही है। इससे उत्तेजित यूनियन ने सरकार के खिलाफ चक्का जाम करने की रणनीति बनाई है। मांग पूरी नहीं होने पर यूनियन के कार्यकर्ता बेमियादी हड़ताल करने के साथ धरना देंगे।
रोडवेज डिपो पर शुक्रवार को यूपी रोडवेज एंप्लाइज यूनियन की गोष्ठी का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष पंडित रामजी त्रिपाठी ने कहा कि जब प्रदेश में परिवहन निगम में घाटा में चल रहा था, तो उस समय भी कर्मचारियों को वेतनमान का लाभ दिया जाता रहा है, लेकिन आज लाभकारी स्थिति होने के बावजूद भी कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ नहीं दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार कर्मचारियों के हितों पर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार रोडवेज कर्मियों को छठे वेतनमान को अन्य निगमों की भांति देय तिथि से लागू करते हुए एरियर का भुगतान करे। अन्य प्रदेशों में शत-प्रतिशत मार्ग राष्ट्रीयकृत किया जा चुका है, लेकिन यूपी में आठ प्रतिशत से भी कम मार्ग राष्ट्रीयकृत हैं। शत प्रतिशत राष्ट्रीयकृत करने की मांग की उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि सरकार यूनियन की मांगों को लेकर गंभीर नहीं हुई तो प्रदेशभर में आंदोलन होगा। इस बार एक दिन की हड़ताल नहीं की जाएगी, बल्कि बेमियादी चक्काजाम कर किया जाएगा। कार्यक्रम में दर्जनों कर्मचारियों ने यूपी रोडवेज कर्मचारी परिषद को छोड़कर यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। गोष्ठी की अध्यक्षता प्रातींय अध्यक्ष रामजी त्रिपाठी और संचालन महामंत्री राजकुमार तोमर ने किया। गोष्ठी में प्रांतीय महामंत्री तेज बहादुर शर्मा, जगबीर सिंह यादव, राजकुमार तोमर, ओमबीर सिंह, सुहेल अहमद आदि मौजूद रहे।