राहत मिलने पर चेहरों पर लौटी मुस्कान
मुजफ्फरनगर। दरोगा भर्ती पर हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद आवेदक युवकों के चेहरों पर मुस्कान छा गई। ट्रेनिंग के लिए बुलावा आने पर परिवारों में भी जश्न मनाया गया। इसके बाद शहर-देहात के दर्जनभर युवक अलग-अलग स्थानों पर उप निरीक्षक की ट्रेनिंग के लिए रवाना हुए। युवकों ने कहा कि कोर्ट पर भरोसा था, उन्हें न्याय मिलेगा।
तत्कालीन सपा सरकार ने प्रदेश में दरोगा के चार हजार से अधिक पदों की भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरू की थी. जिसमें अधिकांश को सरकार ने क्वालिफाई मानकर उनकी ट्रेनिंग शुरु करा दी थी। मामले में कुछ लोगों ने शिकायत कर परिणाम पर सवाल उठाए थे। इसको लेकर मामला हाईकोर्ट में लंबित था। हाल ही में हाईकोर्ट ने दरोगा भर्ती को राहत दे दी है। इसके चलते शहर-देहात के युवाओं में खुशी छा गई। भर्ती में आवेदन करने वाले युवाओं को ट्रेनिंग के लिए बुलावा आने पर खुशियां छा गई। रविवार को आशू अहलावत, पंकज राठी, कपिल रघुवंशी, विशाल चौधरी, कमल देव, अर्जुन त्यागी, सुबोध मान, तेजेंद्र सिंह, राहुल जावला, दिनेश, आशीष, प्रवीण, मयंक आदि दर्जनभर युवा जनपद से अलग-अलग ट्रेनिंग स्थानों के लिए रवाना हुए।