धमाके के साथ फटा गैस वेल्डिंग की टंकी, श्रमिक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर। गैस वेल्डिंग की दुकान पर टंकी में कारबेट बदलते समय अचानक टंकी फट गई। टंकी फटने से मिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। टंकी फटने पर लोहे के टुकड़े हवा में उड़ गए. जिससे राहगीर बाल बाल बचे। मिस्त्री की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। हादसे की सूचना पर सीओ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों ने सोओ से पीड़ित परिजनों को सरकार से आर्थिक मदद दिलाए जाने की मांग की। सीओ ने ग्रामीणों को सरकारी मदद दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
गांव खानुुपुर निवासी 38 वर्षीय मनोज पुत्र होशियारा मिल रोड पर मंसूरपुर निवासी दुकानदार कंवरपाल की साइकिल पंक्चर आदि कार्य की दुकान पर पिछले 10 वर्ष से मिस्त्री का कार्य कर रहा था। मंगलवार की शाम करीब 6 बजे मिस्त्री मनोज जब गैस वेल्डिंग की टंकी में कारबेट बदल रहा था, तो अचानक प्रेशर बनने से टंकी फट कर उसके सिर में जा लगी. जिससे उसका सिर बुरी तरह से फट गया। सिर फटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को मेडिकल में ले गई। हादसे की सूचना पर सीओ खतौली आशीष प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के 20 मिनट पहले गैस वेल्डिंग की टंकी में आग की चिंगारियां उठी। उस समय आग को बुझा दिया गया था। इसके बाद मनोज टंकी में कारबेट बदलने लगा। प्रेशर से टंकी फट कर उसके सिर में जा लगी। टंकी के कुछ पाटर्स सडक़ पर दूर जा गिरे। गनीमत रही किसी राहगीर को चोट नहीं लगी। मौके पर मौजूद सीओ के समक्ष दुकान मालिक ने मृतक पीड़ित परिजनों को अपनी ओर से आठ लाख रुपये की आर्थिक मदद देनेक को कहा तथा ग्राम प्रधान भूपेंद्र ने अपनी ओर से 21 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की।