खतौली। उत्तर प्रदेश के श्रम कल्याण परिषद के चेयरमैन पंडित सुनील भराला ने प्रदेश में सपा, बसपा व रालोद के गठबंधन के बारे में कहा कि यह गठबंधन नहीं, ठगबंधन है। पुलवामा में आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार अब बड़े फैसले ले रही है। अब तक सेना के ऑफिसर हवाई जहाज से चलते थे, अब सैनिक भी हवाई जहाज से जाएगा।
जानसठ रोड पर मुदगल कांप्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में पंडित सुनील भराला का भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया और लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने पर बल दिया। पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा, बसपा व रालोद का गठबंधन नहीं, ठगबंधन है। देश की जनता ने अपना गठबंधन भाजपा के साथ कर लिया है। जनता जिसके साथ गठबंधन करती है, उसी का रिजल्ट आता है। यह रिजल्ट निश्चित रुप से भाजपा के पक्ष में आएगा। स्वागत करने वालों में डा. सत्यप्रकाश मुदगल, सुधीर मुदगल, भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अनुज सहरावत, विधायक प्रतिनिधि पंकज भटनागर, विनीत ठाकुर, सोनू ठाकुर, सभासद गुरुदत्त अरोरा आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।