मुजफ्फरनगर। शहर के साउथ भोपा रोड निवासी शशि मित्र आचार्य ने बताया कि उसके पिता लक्ष्मी नाथ स्वतंत्रता सेनानी थे। उनकी पत्नी कैलाशवती को जुलाई में उपचार के लिए भोपा रोड स्थित हॉस्पिटल में भर्ती कराया था, जिनकी उपचार के दौरान पांच जुलाई को मौत हो गई थी। पीड़ित के अनुसार, सेनानी की पत्नी की मृत्यु के बाद हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा न तो उन्हें डिस्चार्ज पेपर दिए गए और न ही मृत्यु प्रमाणपत्र आज तक भी जारी किया गया। इस संबंध में दो बार डीएम राजीव शर्मा से भी गुहार लगाई गई, जिस पर उन्होंने मामला सीएमओ को अग्रसारित कर दिया, लेकिन वहां से बिना जांच के ही हॉस्पिटल प्रबंधन को क्लीन चिट दे दी गई। पीड़ित ने हॉस्पिटल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही अपनी मां की मौत से संबंधित कागजात दिलाए जाने की गुहार लगाई है।
हादसे में युवक को कुचलने की कोशिश
मुजफ्फरनगर। चरथावल क्षेत्र के गांव दधेड़ू कलां निवासी शाहिद ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका भाई अनीस विगत चार अगस्त को शहर से गांव लौट रहा था। आरोप है कि चरथावल रोड पर गांव के ही रिजवान, मूसा, अजरम व दो अज्ञात लोगों ने रंजिशन अनीस की बाइक में कार से जान बूझकर टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपियों ने कार से अनीस को कुचलने की कोशिश की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।