मुजफ्फरनगर। आंबेडकर जयंती पर भाजपा जिले में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर रही है। शहर में सामाजिक समरसता कार्यक्रम में प्रदेश के आयुष मंत्री धर्मसिंह सैनी मुख्य अतिथि रहेंगे। सिसौली के आंबेडकर भवन में बाबा साहेब की प्रतिमा का अनावरण सांसद संजीव बालियान करेंगे।
जिले में दो अप्रैल को हुए बवाल के बाद दलितों के बीच की खाई पाटने को भाजपा अंबेडकर जयंती पर बड़े स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। भाजपा ने शहर के कूकड चौराहा स्थित एक बैंक्वेट हाल में सामाजिक समरसता दिवस का आयोजन किया है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के आयुष मंत्री डॉ धर्मसिंह सैनी मुख्य अतिथि रहेंगे। अध्यक्षता दलित नेता रामपाल टेलर करेंगे। इसी के साथ पार्टी के नेता सिसौली के आंबेडकर भवन में आयोजित बाबा साहेब की प्रतिमा के अनावरण समारोह में शामिल होंगे। यहां कार्यक्रम की अध्यक्षता भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत करेंगे और मूर्ति का अनावरण भाजपा सांसद डॉ संजीव बालियान के द्वारा होगा। विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष रुपेंद्र सैनी और क्षेत्रीय विधायक उमेश मलिक रहेंगे। जिलाध्यक्ष रुपेंद्र सैनी ने कहा कि डॉ भीमराव आंबेडकर समस्त समाज के आदर्श है। अंबेडकर जयंती को बीजेपी समरसता दिवस के रुप में मना रही है। जिले 1178 बूथों पर जयंती के कार्यक्रम आयोजित होंगे। दो स्थानों पर बड़े समारोह होंगे।