हाइवे के पास स्थित होटल-ढाबों पर छापेमारी
मुजफ्फरनगर। खाद्य सुरक्षा विभाग ने नेशनल हाईवे-58 पर बने होटल और ढाबों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। कई वस्तुओं की होटल पर जांच की गई। इस दौरान कई होटल, ढाबों की रसोई में गंदगी का अंबार मिलने पर अधिकारियों ने फटकार लगाई। सभी को नोटिस देकर सुधार करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
सीबीएसई की परीक्षाएं निपट चुकी है। अब गर्मी का पीक सीजन प्रारंभ होगा। इसी के चलते शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने हाईवे पर बने मां की रसोई रेस्टोरेंट पर छापा मारा। यहां गंदगी मिलने पर नोटिस देकर सफाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद पुरकाजी बाईपास पर शिया टूरिस्ट ढाबा पर छापेमारी कर किचन समेत अन्य वस्तुओं की जांच की गई। रामपुर तिराहे पर साईं कृपा, हाइवे पर स्टार रेस्टोरेंट और बागोवाली चौराहे पर गऊ ढाबा पर छापा मारकर खाद्य वस्तुओं की जांच की गई। होटल-ढाबों के डीप फ्रीजर, फ्रीज आदि की भी पड़ताल की गई। सभी जगहों पर अनियमितताएं मिली हैं। इस पर नोटिस देकर सुधार के निर्देश दिए गए। कार्रवाई में डीओ विनीत कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।