कोरम के अभाव में पालिका बोर्ड बैठक स्थगित
मुजफ्फरनगर।
नगरपालिका परिषद की बजट पास करने को लेकर बुलाई गई बोर्ड बैठक कोरम के अभाव में स्थगित हो गई। बैठक में 50 में से छह सभासद ही पहुंचे। पालिका के सभासद स्व: कर प्रणाली का विरोध कर रहे हैं, इसी के चलते बोर्ड बैठक का बहिष्कार किया।
नगरपालिका परिषद के द्वारा वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए सौ करोड़ रुपये से ज्यादा का बजट तय करते हुए मंगलवार को बोर्ड मीटिंग बुलाई गई थी। पालिका सभागार में तय समय के अनुसार चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल, ईओ विकास सैन और अन्य अधिकारी व कर्मचारी सभागार में मीटिंग के लिए पहुंचे, लेकिन बोर्ड मीटिंग में छह सभासद प्रवीण पीटर, सुशीला देवी, इरफान अंसारी, सलीम अहमद, सरफराज आलम, नाजरीन ही पहुुंच पाए। 44 सभासद बैठक से नदारद रहे। चेयरपर्सन ने ईओ विकास सेन से इस संबंध में वार्ता की। ईओ लगातार सभासदों से संपर्क कर उनको बुलाते रहे, लेकिन प्रयास सफल नहीं हो पाया। वहीं, 44 सभासदों ने प्रकाश चौक पर एक होटल में सभासद विकल्प जैन के नेतृत्व में बैठक कर पालिका प्रशासन पर जनहितों की अनदेखी करते हुए भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के आरोप लगाए। इन लोगों ने बोर्ड मीटिंग का बहिष्कार करते हुए कहा कि पालिका प्रशासन जनता को लूटने के काम में लगा हुआ है। सभासद विकल्प जैन, राजीव शर्मा, अरविंद धनगर आदि ने कहा कि पालिका प्रशासन के द्वारा वर्तमान में स्व:कर प्रणाली के तहत जनता से 2016-17 और 2018-19 का कर लिया जा रहा है। 31 मार्च को वित्तीय वर्ष समाप्त हो रहा है। इसके बाद जनता को 20 प्रतिशत की छूट नहीं मिलेगी और उनको बिल पर 20 प्रतिशत का सरचार्ज भी देना होगा। यानि जनता एक बिल पर 40 प्रतिशत का नुकसान उठाएगी। ईओ विकास सैन ने कहा कि सभासदों ने क्यों बहिष्कार किया, उनको पता नहीं, लेकिन बजट पारित नहीं होने से शहरी सुविधाएं प्रभावित होंगी। सभासदों से बात करेंगे। बोर्ड मीटिंग की अगली तिथि तय की जाएगी। ठेका कर्मचारियों को हटाना पड़ेगा, जो बिना ठेके के सफाई कर्मचारी काम कर रहे थे, उनका ठेका एक अपै्रल से होना है। कुल 54 सदस्य पालिका बोर्ड में 27 का होना जरूरी है।
बहिष्कार करने वालों में सभासद विकल्प जैन, अरविंद धनगर, प्रेमी छाबड़ा, नरेश कुमार, आबिद, प्रियांशु जैन, संजय सक्सेना, अमित कुमार, विकास गुप्ता, राहुल पंवार, सलेकचंद, याकूब, पवन, मनोज वर्मा, शफीक अहमद, हनी पाल, सरफराज, सचिन कुमार, ओम सिंह पाल, नदीम खां, राजकुमार पाल, विपुल भटनागर, राजीव शर्मा, दिलशान मुन्ना, नवनीत कुच्छल, सभासद के पति वीरेंद्र मुन्ना, बिजेन्द्र पाल, भीष्म धीमान, मनीष कुमार आदि शामिल रहे।