बच्चे के मरने की सूचना से हड़कंप
खतौली। स्कूली बच्चे को डंडा मारने पर उसकी मौत होने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो मामला झूठा निकला।
क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला बुधवार को पुलिस अधिकारियों के यहां पहुंची। उस महिला ने अधिकारियों को बताया कि गांव के स्कूल में उसके बच्चे को रसोईमाता ने बिना वजह डंडा मार दिया। डंडा लगने से बच्चा घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस संबंध में अधिकारियों ने थाने से जानकारी ली। पुलिस ने इस तरह की कोई भी घटना होने से इंकार कर दिया। इसके बावजूद बच्चे की मरने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस द्वारा गांव में इस तरह की घटना के बारे में पूछताछ की गई तो ग्रामीणों ने इंकार कर दिया।
जंगल में आग लगी
मोरना। हस्तिनापुर सुरक्षित वन्य अभ्यारण्य क्षेत्र के शुक्रताल स्थित सच्चे धाम के पास अचानक जंगल में आग लग गई। ग्रामीणों द्वारा बुझाने का प्रयास किया गया। तेज हवा के चलते आग ने भयावह रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। घंटों के विलंब से पहुंची फायर ब्रिगेड कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान शुक्रताल चौकी प्रभारी बालेंद्र सिंह, समाजसेवी विनोद शर्मा, शरद वत्स, अजय कृष्ण शास्त्री आदि मौके पर उपस्थित रहे।