नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय पर लगाए गए लाउडस्पीकर को पुलिस ने उतरवा दिया, जिसको लेकर समर्थकों ने हंगामा खड़ा कर दिया। इस दौरान पुलिस से समर्थकों की नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने लाठियां फटकार कर स्थिति को काबू में किया। प्रत्याशी समर्थकों का कहना था लाउडस्पीकर लगाने की परमिशन ली गई है। पुलिस का कहना था कि लाउडस्पीकर की परमीशन नहीं है।
निकाय चुनाव का बिगुल बज चुका है। प्रत्याशी चुनाव प्रचार में लग गए हैं। अध्यक्ष पद की कांग्रेस प्रत्याशी अनीश फात्मा के चुनाव कार्यालय पर समर्थकों ने सोमवार शाम लाउडस्पीकर लगाकर भाषण देना शुरू कर दिया। लाउडस्पीकर लगाने की जानकारी मिलने पर पुलिस कार्यालय पर पहुंची। पुलिस ने चुनाव कार्यालय पर लगे लाउडस्पीकर को उतरवा दिया, जिसको लेकर समर्थकों ने हंगामा खड़ा कर दिया। प्रत्याशी के पति और समर्थकों का कहना था कि उनके द्वारा चुनाव कार्यालय पर लाउडस्पीकर लगाने की परमीशन ली गई है, जबकि पुलिस का कहना था कि कोई परमीशन नहीं दी गई। समर्थकों ने काफी देर तक हंगामा रखा। इस दौरान समर्थकों की पुलिस से नोकझोंक तक हो गई थी। पुलिस ने लाठियां भी फटकारी, जिससे भगदड़ मच गई। इंस्पेक्टर पीपी सिंह का कहना है कि लाउडस्पीकर नहीं लगने दिया जाएगा और न ही परमीशन दी गई है। आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का प्रत्याशी पर मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा। इसके लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।