भुगतान को लेकर किसानों का धरना जारी
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)।
बकाया गन्ना भुगतान को लेकर किसानों का चीनी मिल भैंसाना के मुख्य द्वार पर धरना 13वें दिन भी जारी रहा। धरनास्थल पर एक किसान ने भुगतान न मिलने पर आत्मदाह की घोषणा की।
गन्ने के बकाया भुगतान को लेकर पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक के नेतृत्व में कांग्रेस, सपा कार्यकर्ताओं और किसानों का बजाज चीनी मिल भैंसाना के मुख्य द्वार पर धरना जारी रहा। धरनास्थल पर बैठे किसान सुरेंद्र शर्मा निवासी भैंसाना ने दो दिन में भुगतान न होने पर आत्मदाह की घोषणा की। गौरतलब है कि गांव वैल्ली निवासी किसान शौबीर ने भी बकाया भुगतान को लेकर आत्मदाह की घोषणा की थी। धरनास्थल पर पहुंचे खाप के चौधरी तथा धरनास्थल पर बैठे किसानों ने इसके इस कदम को गलत बताते हुए आत्मदाह करने से रोक लिया था। धरने के आयोजक हरेंद्र मलिक का कहना है कि वे आत्मदाह के पक्ष में नही हैं। किसान शांतिपूर्वक धरने पर बैठकर अपने गन्ने के भुगतान मांग रहे हैं। मौके पर चौ. बलजोर सिंह, चरण सिंह, हरपाल सिंह, गुलाम मौहम्मद, हाजी जमशेद, विकास त्यागी, सोमपाल, विनोद आदि ने विचार व्यक्त किए।