बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार को कुचला
मुजफ्फरनगर। एकता विहार कॉलोनी से गांव वापस जा रहे युवक की बाइक में सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। साथ में बैठा भतीजा और किशोरी चोट लगने से घायल हो गए। चालक ट्रक को मौके से कुछ दूरी पर आगे जाने के बाद छोड़कर फरार हो गया।
एकता विहार कॉलोनी से बुधवार शाम अनुज (28) पुत्र रमेश भतीजे शुभम पुत्र रजनेश (18) और किशोरी महिमा (11) पुत्री नीरज के साथ अपने गांव तितावी के लालूखेड़ी जा रहा था। बाइक को अनुज चला रहा था। शहर कोतवाली के पीनना बाईपास के पास शामली की ओर से आए ट्रक ने बाइक मेें टक्कर मार दी। दुर्घटना में अनुज की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी दोनों शुभम और महिमा सड़क पर गिरकर घायल हो गए। चालक ट्रक को मौके से भगा ले गया। कुछ दूर आगे जाकर ट्रक को सड़क पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला चिकित्सालय भिजवाया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के बड़े भाई अवनीश शर्मा ने पुलिस को ट्रक के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है। युवक भारतीय किसान यूनियन का कार्यकर्ता था।