प्रदेश के राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि शुकतीर्थ में 100 कक्षों का गेस्ट हाउस बनेगा। तीर्थ यात्रियों के लिए यह एक बड़ी सौगात होगी। इसके लिए डीएम को जगह तलाशने के निर्देश दिए गए हैं।
गुरुवार को पीडब्लूडी गेस्ट हाउस पर राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने डीएम सेल्वा कुमारी जे व अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी के साथ बैठक ली। शहर की मुख्य सड़कों के निर्माण व चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को अतिशीघ्र भेजने के निर्देश दिए। अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की सड़कों के निर्माण व चौड़ीकरण की मांग की थी, जिस पर मौखिक स्वीकृति प्रदान करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों का प्रस्ताव शासन को भेजने के लिए कहा था। इसी क्रम में गुप्ता रिसोर्ट से रामपुर तिराहे तक, जानसठ फ्लाई ओवर पुल से जानसठ रोड व नई मंडी फ्लाई ओवर पुल से भोपा रोड के निर्माण व चौड़ीकरण का प्रस्ताव जल्द से जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं।
कपिल देव ने बताया कि शहर की घनी आबादी के बीच स्थित जिला जेल को शहर से बाहर स्थानांतरित किए जाने के उनके प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री एवं कारागार राज्य मंत्री जयकुमार जैकी द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। मुजफ्फरनगर बस डिपो के सैटेलाइट बस स्टेशन की भूमि को आवासीय उपयोग से यातायात उपयोग में परिवर्तन को सचिव, विकास प्राधिकरण को निर्देशित किया है।
कपिल देव ने बताया कि विश्वप्रसिद्ध पौराणिक तीर्थस्थल शुकतीर्थ में पर्यटकों व श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 100 कक्षों का यात्री निवास (गेस्ट हाउस) बनवाए जाने के लिए उन्होंने कर्नाटक सरकार में पर्यटन मंत्री सीटी रवि से वार्ता की है, जिसमें कर्नाटक पर्यटन मंत्री ने अपनी स्वीकृति प्रदान करते हुए शुकतीर्थ में पांच एकड़ भूमि उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।
इसी संबंध में डीएम को शुकतीर्थ में निरीक्षण कराकर पांच एकड़ भूमि उपलब्ध कराए जाने एवं उस पर 100 कक्षों का यात्री निवास (गेस्ट हाउस) बनवाए जाने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं। बैठक में प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय अजय अम्बष्ट, एडीएम प्रशासन अमित कुमार व सचिव एमडीए भी उपस्थित रहे।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/