गंगा स्नान के दौरान बच्चे के डूबने पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : PARIKESHGARH
परीक्षितगढ़(मेरठ)। खरखाली गंगा घाट पर स्नान करते समय 12 वर्षीय बच्चा डूब गया। श्रद्धालुओं ने आधा घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाल लिया। परिजन बच्चे को तुरंत सीएचसी पर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोगों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया और शव ले गए।
पूर्णिमा पर सुबह से ही खरखाली गंगा घाट पर काफी श्रद्धालु स्नान करने पहुंचे। खरखाली निवासी प्रमोद शर्मा की पत्नी चित्रा जुड़वा बेटों लव और कुश व अपने भाई टिंकी के साथ घाट पर गंगा स्नान करने पहुंची। चित्रा व उसका भाई टिंकी स्नान के बाद गंगा घाट पर पूजा-अर्चना कराने लगे, जबकि लव और कुश गंगा में स्नान कर रहे थे। अचानक लव गहरे पानी में डूबने लगा। यह देख कुश ने शोर मचा दिया। स्नान कर रहे लोगों ने लव को बचाने की कोशिश की। श्रद्धालुओं ने आधा घंटे की मशक्कत के बाद लव को बाहर निकाल लिया। इसके बाद परिजन और अन्य लोग लव को लेकर सीएचसी पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया। बच्चे की मौत से परिजनों का रो रोकर बुराहाल था।
गंगा में डूबे बच्चे का फाइल फोटो।- फोटो : PARIKESHGARH