पत्रकारों से वार्ता करते पूर्व विधायक माविया अली
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। नागरिकता संशोधन कानून, एनपीआर और संभावित एनआरसी पर सरकार को जगाने के लिए पूर्व विधायक माविया अली ने अनोखा तरीका निकाला है। गणतंत्र दिवस पर वह नगर में घरों पर करीब 10 हजार तिरंगा झंडे लगाएंगे और 50 हजार तिरंगा गुब्बारे छोड़ेंगे।
बुधवार को मोहल्ला दीवान स्थित आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए पूर्व विधायक माविया अली ने कहा कि सरकार को जगाने के लिए गणतंत्र दिवस पर घरों पर तिरंगे झंडे लगाए जाएंगे और हवा में गुब्बारे छोड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीएए के खिलाफ महिलाओं के धरना प्रदर्शन को जो लोग सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ बता रहे हैं वो यह जान लें कि महिलाएं सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ नहीं बल्कि सरकार द्वारा धर्म के आधार पर संविधान के विरुद्ध लाए गए सीएए के खिलाफ कर रही हैं। जब तक महिलाएं सरकार के जवाब से संतुष्ट नहीं होतीं उनका धरना प्रदर्शन चलता रहेगा। माविया अली ने कहा कि संविधान को पढ़े बगैर कुछ लोग महिलाओं के धरना प्रदर्शन को सुप्रीम कोर्ट की अवमानना का भ्रम फैला रहे हैं। ऐसे लोगों को चाहिए कि वह पहले संविधान को पढ़ें और उसके बाद कोई प्रतिक्रिया दें।