मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना पुलिस ने बिजली के तार और ट्रांसफार्मर का सामान चोरी करने वाले दो गिरोह के दस आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो अलग-अलग मुठभेड़ों के दौरान दो बदमाश घायल भी हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों से अवैध हथियार, दो पिकअप वाहन और लाखों रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक देहात अक्षय संजय महाडीक ने प्रेसवार्ता में बताया कि सोमवार देर रात शाहपुर पुलिस की काकड़ा से निरमाना मार्ग पर पिकअप सवार बदमाशों से मुठभेड़ हुई। इस दौरान वहलना गांव निवासी जोगिंदर उर्फ टीना और मेरठ के सुल्तान पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उनके तीन साथियों इरशाद, सद्दाम उर्फ राजू और मुकीम को भी गिरफ्तार किया। इन आरोपियों से दो तमंचे, तीन चाकू, एक पिकअप और 70 किलो ट्रांसफार्मर कॉइल सहित अन्य चोरी का सामान मिला। उनके पास से 1500 रुपये भी बरामद हुए। जोगिंदर उर्फ टीना गिरोह का सरगना है और उस पर विद्युत अधिनियम के 48 मामले दर्ज हैं। सुल्तान पर नौ, सद्दाम उर्फ राजू पर पांच और इरशाद व मुकीम पर चार-चार मामले दर्ज हैं।
एक अन्य मुठभेड़ देर रात गढ़ी बहादुरपुर मार्ग पर पिकअप सवार पांच बदमाशों के साथ हुई, जिसमें कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने मीरापुर के सुऐब, जानसठ के सालिम उर्फ लीली, मुशब्बिर अब्बास, उजेर मेहंदी और दिल्ली निवासी इरफान को गिरफ्तार किया। इन आरोपियों से दो तमंचे, तीन चाकू और पांच किलो चोरी का विद्युत तार बरामद किया गया। यह तार पांच अगस्त को कुटबी और 16 अगस्त को किनौनी के जंगल से नलकूप की लाइन से चुराया गया था।
गिरफ्तार सभी आरोपी इस तार को बेचने के लिए ले जा रहे थे। इस गिरोह के सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ मुजफ्फरनगर जनपद के विभिन्न थानों में पांच-पांच मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक देहात ने बताया कि यह कार्रवाई चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए की गई है। गिरफ्तार सभी आरोपियों का चालान कर दिया गया है। प्रेसवार्ता के दौरान शाहपुर थानाध्यक्ष गजेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।