शहर के शामली रोड पर ममता पेट्रोल पंप के पास डाक कांवड़ियों ने टक्कर मारने का आरोप लगाकर मेरठ में विद्युत विभाग में तैनात एसडीओ निशांत त्यागी के साथ मारपीट की। साथ ही गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के परिक्रमा रोड अग्रसेन विहार निवासी निशान्त त्यागी मेरठ में बिजली विभाग में एसडीओ हैं। वह महाशिवरात्रि के अवकाश पर घर आए थे। उनके साथियों ने शामली में क्रिकेट मैच रखा था। वह मैच खेलने के लिए अकेले दोपहर में अपनी पर्सनल गाड़ी से शामली जा रहे थे। गाड़ी पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा था।
शामली रोड पर पुलिस चौकी के पास पेट्रोल पंप के सामने पीछे से आए एक डाक कांवड़िया ने आगे निकलना चाहा, तभी गाड़ी की टक्कर लगने से वह गिर गया। इसके बाद उसने व अन्य कांवड़ियों ने कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। आगे व पीछे के शीशे तोड़ डाले। इतना ही नहीं एसडीओ के साथ मारपीट भी की, उन्हें गाड़ी से बाहर खींचने का प्रयास किया। मारपीट करने के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना पाकर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में घायल एसडीओ का मेडिकल कराया गया। पीडित ने पुलिस को तहरीर दी है।
सीओ सदर राजू कुमार साव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को तलाश कराकर पकड़ा जाएगा।