उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के साहिबाबाद रामपुरी मोहल्ले में बृहस्पतिवार रात पत्नी ने हथौड़े से सिर पर वार कर पति की हत्या कर दी। इसके बाद वह सो गई।
शुक्रवार सुबह ट्रांसपोर्टर का खून से लथपथ शव उसकी बेटी ने ड्राइंग रूम में बेड पर पड़ा देखा।
इस पर पति के शव के पास पत्नी बेटी से बोली कि ‘अब सारे कष्ट खत्म’। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर आलाकत्ल बरामद कर लिया है।
पत्नी का कहना है कि बेटा न होने पर पति शराब पीकर आए दिन उससे मारपीट करता था। पति कुछ नहीं करता था और घर का सारा खर्च ताऊ उठाते थे। रात में मारपीट का विरोध करने पर हथौड़े से पति पर वार कर दिए। इससे उसकी मौत हो गई।
बेटी का कहना था कि पिता को हमेशा से एक बेटा चाहिए था। वह उनकी मां को हमेशा बेटा नहीं होने का ताना देकर मारपीट करते थे। वह बीच-बचाव करती तो उसे भी पीटते थे।
पुलिस फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से मामले की जांच कर रही है।