डिलारी (मुरादाबाद)। ठाकुरद्वारा के लालापुर पीपलसाना गांव में महिला की जान लेने के बाद अब एक तेंदुए ने बुधवार की सुबह डिलारी क्षेत्र के मलकपुर सेमली गांव में गन्ने की पत्ती उतार रहे युवक बाबू खां (35) पर हमला कर दिया। तेंदुए ने बाबू खां की गर्दन को अपने जबड़े में जकड़ लिया और खेत के भीतर को खींचते हुए ले जाने लगा। शोर-शराबा सुनकर खेत में ही काम कर रहे उसके साथी शमशेर, समीर और रईस तेंदुए से भिड़ गए और बाबू खां को जबड़े से खींच लाए। बाबू के सिर और गर्दन पर तेंदुए ने जख्म बना दिए हैं। जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। वहीं वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगा दिया है।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि डिलारी थानाक्षेत्र के मलकपुर सेमली निवासी शमीम के गन्ने के खेत में बुधवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे गांव के ही बाबू खां, शमशेर, समीर और रईस मजदूरी पर गन्ने की पत्ती उतारने गए थे। चारों मजदूर आसपास में ही पत्ती उतार रहे थे। बताया जा रहा है कि बाबू खां कुछ आगे थे और बाकी तीनों पीछे थे। सुबह करीब छह बजे अचानक तेंदुए ने बाबू खां पर हमला कर दिया। उसकी गर्दन तेंदुए ने अपने जबड़े में भर ली। उसकी चीख पुकार सुनकर शमशेर, समीर और रईस ने हिम्मत दिखाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया। तीनों तेंदुए से भिड़ गए और बाबू खां को बचा ली। शोर शराबा होने पर तेंदुआ भाग गया। इसके बाद तीनों लोग घायल बाबू खां को गन्ने के खेत से बाहर निकाल लाए और फोन कर अन्य ग्रामीण व परिजन बुला लिए। बाबू खां को डिलारी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया है। बताया जाता है कि यह चारों दोस्त हैं और मजदूरी करते हैं। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। तेंदुए की तलाश में जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया गया लेकिन तेंदुआ नहीं मिला। इसी क्षेत्र में दो अगस्त को जंगल में चारा लेने के लिए मोहित पर तेंदुआ ने हमला कर घायल कर दिया था।
ड्रोन कैमरे से तेंदुए की निगरानी
डिलारी। क्षेत्र के मलकपुर सेमली, राईभूड़, चांबड़ समेत आस पड़ोस के गांव के जंगल में तेंदुए की निगरानी ड्रोन कैमरे से की जा रही है। वन रेंजर एमपी सिंह ने बताया कि क्षेत्र के जंगल में पद चिह्नों की लोकेशन तलाश कर तीन पिंजरे लगाए गए हैं। उनकी निगरानी की जा रही है। मौके पर डीएफओ डॉक्टर विनय कुमार, अनीस, कमलेश, संजय कुमार मौके पर मौजूद हैं।
लाउडस्पीकर से लोगों को किया जा रहा सतर्क
ठाकुरद्वारा। एसडीएम अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि लगातार तेंदुए के हमलों की सूचनाएं मिल रही हैं। तेंदुआ जंगलों में जा रहे किसानों पर हमला कर रहा है। उन्होंने बताया कि तेंदुओं के हमलों को लेकर प्रशासन गंभीर हैं। वन विभाग के डीएफओ को सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने बताया कि वन विभाग के अलावा नायब तहसीलदार भी अपने क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। वन विभाग को तेंदुए प्रभावित क्षेत्रों में गश्त और पिंजरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।