सुरजन नगर (मुरादाबाद)। चौकी क्षेत्र के निकटवर्ती गांव जयनगर जनपद बिजनौर थाना अफजलगढ़ के दीपक कुमार (22) की शनिवार की रात सर्पदंश से मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। करीब तीन वर्ष पहले मृतक के छोटे भाई देवेंद्र की भी रामगंगा नदी में डूबने से मौत हो गई थी। अब परिवार में दो भाइयों की मौत से माता-पिता सदमे में हैं।
दीपक कुमार शनिवार सुबह ग्रामीणों के साथ मजदूरी करने खेत पर गया था। इसी दौरान उसके पैर में सांप ने डस लिया। दीपक ने इसकी जानकारी साथ में मौजूद ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने घटना की सूचना उसके परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन युवक को उपचार के लिए नजीबाबाद में झाड़ फूंक करने वाले के पास ले गए। वहां उपचार कराने के बाद युवक की हालत में सुधार हुआ और स्वजन उसे घर ले आए। इसके बाद देर शाम उसकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। देर रात स्वजन उसे बाजपुर में एक चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे लेकिन वहां भी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद युवक को हल्द्वानी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसकी मौत हो गई।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव गांव ले आए और उसका अंतिम संस्कार कर दिया। दीपक अविवाहित था। उसकी दो बहनें हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी अभी अविवाहित है। पिता शिवनंदन व माता सुशीला देवी, बहन मोनी और प्रीतिका का रो- रो कर बुरा हाल है।