मुरादाबाद। मझोला थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती ने एक युवक पर शादी का वादा कर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी के परिवार के लोगों ने उसके साथ मारपीट की है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी युवक, उसके मां बाप और भाई बहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़िता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि लाइन पार विकास नगर निवासी अरुण कुमार से करीब चार साल पहले प्रेम संबंध हो गए थे। आरोपी ने उसे शादी करने का वादा किया और शारीरिक शोषण शुरू कर दिया। आरोपी उसे शाहपुर तिगरी स्थित फार्म हाउस, रिजॉर्ट और बुद्ध बाजार स्थित होटल में भी ले गया और शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने अपनी मां जयवंती, पिता धर्मपाल कुमार, भाई अजय कुमार तथा बहन से मुलाकात कराई। आरोपी के परिजन शादी के लिए तैयार हो गए थे। इस दौरान पीड़िता गर्भवती हुई तो आरोपी ने दवा लिखाकर उसका गर्भपात करा दिया। इसके बाद आरोपी ने शादी करने से इन्कार कर दिया। आरोपी के परिवार के लोगों ने भी पीड़िता के साथ मारपीट की। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।