मुरादाबाद। खुले नाले के पास मोबाइल फोन पर बात करना एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गया। कटघर के डबल फाटक सीतापुरी मोहल्ले में बृहस्पतिवार रात वह मोबाइल फोन पर बात करते समय बारह फीट गहरे नाले में गिर गया। नगर निगम की जेसीबी की मदद से तीन घंटे की मशक्कत के बादयुवक का शव नाले से निकाला जा सका।
पुलिस के मुताबिक, कटघर थानाक्षेत्र में डबल फाटक सीतापुरी निवासी विशाल (26) कपड़े की दुकान पर काम करता था। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार रात दस बजे वह खाना खा रहा था। इस दौरान उसके मोबाइल पर कॉल आई। वह मोबाइल पर बात करते हुए घर से बाहर निकल गया। बात करते हुए वह खुले नाले के पास पहुंच गया। वह मोबाइल पर बात करते हुए नाले की दीवार पर बैठने की कोशिश कर रहा था और असंतुलित होकर नाले में गिर गया। पास के घरों में छत पर टहल रहे लोगों ने उसे नाले में गिरते देख लिया और शोर मचाते हुए मदद को दौड़ पड़े। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच विशाल के परिजन भी आ गए। सूचना मिलने पर कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए और नाले में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। पुलिस ने निगम निगम अधिकारियों से बात की और जेसीबी मौके पर मंगवाई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद विशाल का शव नाले से निकाला गया। थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।