मुरादाबाद। पत्नी को बुलाने ससुराल गए युवक ने ससुराल वालों पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाते हुए एसएसपी कार्यालय में प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
मुगलपुरा थानाक्षेत्र के लालबाग रामगंगा कालोनी निवासी विक्की ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया है कि वह दाल का ठेला लगाता है। आरोप है कि सात मार्च को उसकी पत्नी बेटे को बुरी तरह पीट रही थी। जानकारी होने पर जब उसने पूछताछ की तो पत्नी, बेटे और घर में रखे रुपये गहने लेकर मायके चली गई। 11 मार्च को वह पत्नी को लेने ससुराल गया तो उसके साले, सास और पत्नी ने लात-घुंसों से बुरी तरह पीटा। इसके बाद धक्का देते हुए उसे घर से निकाल दिया। विक्की का आरोप है कि वह इसकी शिकायत लेकर थाने गया, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्झ नहीं की। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।