मुरादाबाद में खुशहालपुर, सिरकोई भूड़ और डबल फाटक में शराब की दुकान खुलने का महिलाओं ने विरोध करना शुरू कर दिया है। धरने की जानकारी न देने पर एसएसपी ने मझोला थाना प्रभारी को लाइनहाजिर कर दिया।
मुरादाबाद में बुधवार को तीन जगह शराब की दुकान खोले जाने का विरोध हुआ। खुशहालपुर में बुधवार को भी महिलाएं धरने पर बैठी रहीं। जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र पाल ने उनसे मुलाकात की और उन्हें बताया कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों से बात की जा रही है, लेकिन महिलाएं नहीं मानीं।
विज्ञापन
वहीं सिरकोई भूड़ और डबल फाटक की महिलाएं भी मंदिर के पास दुकान खुलने के विरोध में आ गई हैं। धरने की जानकारी न देने पर एसएसपी सतपाल अंतिल ने मझोला थाना प्रभारी मोहित चौधरी को लाइनहाजिर कर दिया है। उनकी जगह आरपी शर्मा को थाने की जिम्मेदारी दी है।
मझोला के खुशहालपुर में शराब की दुकान खुलने का पिछले कई दिन से विरोध चल रहा है। इसके अलावा सिरकोई भूड़ और डबल फाटक में भी महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया है। बुधवार को महिलाएं डीएम कार्यालय पहुंचीं और डीएम को ज्ञापन देकर दुकान बंद कराने की मांग की।
विज्ञापन
इसके अलावा महिलाओं ने मंडलायुक्त को भी ज्ञापन दिया। इस दौरान कुछ महिलाएं धरने पर बैठी रहीं। मझोला क्षेत्र के सिरकोई भूड़ के लोग भी शराब की दुकान को लेकर सड़क पर उतर आए। बुधवार को उन्होंने भी कलक्ट्रेट पहुंच कर प्रदर्शन किया। सिरकोई भूड़ की महिलाओं और पुरुषों का कहना है कि मंदिर के बराबर में दुकान खोली जा रही है।
डबल फाटक में भी मंदिर के पास ही दुकान खोल दी गई है। मंगलवार को दिनभर हंगामा चला, लेकिन मझोला थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं दी। एसएसपी सतपाल अंतिल ने इस मामले में मोहित चौधरी को लाइनहाजिर कर दिया और उनकी जगह छुट्टी से लौटे आरपी शर्मा को मझोला थाने का नया प्रभारी बनाया है।